आज नई दिल्ली में “अंतर्राष्ट्रीय सर्कस फेस्टिवल” के उद्घाटन के अवसर पर पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता श्री मुख्तार अब्बास नकवी के सम्बोधन की प्रेस विज्ञप्ति
आज नई दिल्ली में मशहूर रैम्बो सर्कस द्वारा आयोजित "अंतर्राष्ट्रीय सर्कस फेस्टिवल" के उद्घाटन के अवसर पर श्री नकवी ने कहा कि आधुनिक "डिजिटल इंटरटेनमेंट दौर में भी फिजिकल इनोवेशन" की सैंकड़ों साल पुरानी शानदार धरोहर हर उम्र के आकर्षण और मनोरंजन का केन्द्र है।
श्री नकवी ने कहा कि सर्कस कला के कौशल के कुबेरों के प्रदर्शन का प्रोमोशन, प्रोटेक्शन और प्रोत्साहन वक्त की जरूरत है, ताकि यह कला फिर से ऊंचाईयों को छू सके।
श्री नकवी ने कहा कि कला, कौशल, कॉमेडी के कुबेर दुनिया की उथल-पुथल के बीच भी मानवीय मूल्यों, शान्ति, सद्भाव के सशक्त सन्देशवाहक हैं।
श्री नकवी ने कहा कि जी20 से प्रेरणा लेते हुए प्रसिद्ध रैम्बो सर्कस द्वारा विश्व के विभिन्न देशों के सर्कस कलाओं और कलाकारों को एक मंच पर लाया गया है। इस सर्कस फेस्टिवल में भारत के अलावा नेपाल, अर्जेन्टीना, रूस, यूक्रेन, उज़्बेकिस्तान, इथिओपिया आदि देशों के सर्कस कलाकार अपने करतब दिखा रहे हैं।
श्री नकवी ने कहा कि डिजीटल-इन्टरनेट युग में मनोरंजन के अनगिनत माध्यम उपलब्ध होने से दुनियाभर में सर्कस कला पर जबरदस्त असर पड़ा है। इस दौरान कई क्षेत्रों में युद्ध और उथल-पुथल के माहौल ने भी इस शानदार धरोहर को प्रभावित किया। लेकिन इन सबके बावजूद सर्कस का ग्लैमर कम नहीं हुआ है बस इस कला को मंच और मौक़ा मुहैय्या कराने की जरूरत है।
श्री नकवी ने कहा कि सर्कस ना केवल मनोरंजन का जरिया है बल्कि बड़े पैमाने पर कलाकारों एवं अन्य लोगों के रोजगार का भी माध्यम रहा है। करीब दो दशक पहले तक मनोरंजन का एक महत्वपूर्ण माध्यम माना जाने वाला सर्कस दुनियाभर में अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहा है, इसीलिए पारम्परिक खेलों और मनोरंजन के साथ-साथ सर्कस के उत्थान के लिए भी ठोस कदम उठाये जाने की जरुरत है।
श्री नकवी ने कहा कि लुप्त हो रही सर्कस कला को एक मंच पर लाने के लिए कई देशों के कलाकारों को इस सर्कस कुम्भ से जोड़ना सराहनीय कदम है।
इस दस दिवसीय "इंटरनेशनल सर्कस फेस्टिवल" में भारत के विभिन्न पारम्परिक सर्कस कलाओं के साथ-साथ अर्जेंटीना का "दी क्रैडल एक्ट" और "हेयर हैंगिंग एक्ट"; इथिओपिया का "दी आईकेरियन"; रूस का "क्विक चेंज" और "दी सिल्क एक्ट"; यूक्रेन का "बब्बल एक्ट"; नेपाल का "कैंडल कंटोरशन" आदि दर्शकों के आकर्षण का केंद्र हैं।
श्री नकवी ने कहा सर्कस कला, करतब, कौशल, कॉमेडी कुबेरों का "शो मस्ट गो ऑन"।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता श्री श्याम जाजू एवं श्री विजय जॉली, पीएचडी चैम्बर की मीडिया एवं एंटरटेनमेंट कमेटी के चेयरमैन श्री मुकेश गुप्ता एवं अन्य गणमान्य मौजूद रहे।