पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता श्री मुख्तार अब्बास नकवी ने आज यहां कहा कि सद्भाव समृद्धि का पासवर्ड है और सहिष्णुता मानवीय मूल्यों का होलोग्राम।
दुनिया भर में चल रही उथल-पुथल के बीच भारतीय संस्कार का सार्थक सूत्र "सर्वे भवन्तु सुखिनः सर्वे सन्तु निरामयाः" विश्व शान्ति, सद्भाव और सहिष्णुता का सार्थक सबक-संदेश है।
आज इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल, गाजियाबाद द्वारा आयोजित दस्तकारों, शिल्पकारों, कलाकारों एवं स्कूल के विद्यार्थियों के महोत्सव "उमंग कारीगरी" में श्री नकवी ने कहा कि भारत कौशल-कला का बेहतरीन ब्रांड है, इसके प्रोत्साहन-प्रोमोशन के लिए हो रहे प्रयास सराहनीय हैं।
श्री नकवी ने कहा कि हम खुशकिस्मत हैं कि आज दुनिया भर की उथल-पुथल के बीच भी भारत तरक्की, खुशहाली के मार्ग पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। दुनियाभर में चल रही हिंसा-हाहाकार के बीच प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मजबूत और राष्ट्रवादी नेतृत्व ने भारतीय संस्कृति, संस्कार और समाज को सुरक्षित करने में बड़ी भूमिका निभाई है।
"उमंग कारीगरी" में विभिन्न राज्यों के पारंपरिक कला कौशल, खान-पान के स्टॉल लगाए गए। इस अवसर पर इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल ग्रुप की चेयरमैन एवं पूर्व सांसद श्रीमती मीना सिंह, ग्रुप की प्रेसिडेंट श्रीमती शालिनी सिंह, डायरेक्टर श्रीमती रीता सिंह, प्रिंसिपल श्रीमती स्नेहलता कृष्णन एवं अन्य गणमान्य जनों की गरिमामई उपस्थिति रही।