पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता श्री मुख्तार अब्बास नकवी ने आज यहाँ कहा कि "गाली की फुकी बन्दूक, बदहाली की फटी सन्दूक" बन गई है कांग्रेस।
आज नई दिल्ली में कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी पर दिए गए वक्तव्य पर पूछे गए सवाल के जवाब में श्री नकवी ने कहा कि "गाली का सेल्फ गोल" कांग्रेस की "बदहाली का झोल" बन गया है।
श्री नकवी ने कहा कि "अहंकारी परिवार की पटकथा" पर "पार्टी की परिक्रमा का परिणाम" है कि "कांग्रेस की सियासी सेहत वेंटीलेटर पर, सिरफिरी सोंच एक्सेलरेटर पर है।"
श्री नकवी ने कहा कि भारत की धाक, मोदी जी की धमक को धूमिल करने की धूर्ततापूर्ण धुन कांग्रेस को धूलधूसरित कर रही है। जब कांग्रेस सत्ता में थी तो हर दिन "हिट विकेट की हैट्रिक" में लगी थी अब विपक्ष में "नो बाल की न्यूसेंस" में डटी है।
श्री नकवी ने कहा कि दरअसल कांग्रेस और परिवार की पार्टियाँ अभी भी हज़म ही नहीं कर पा रहीं हैं कि एक गरीब, पिछड़े पृष्ठभूमि का साधारण व्यक्ति परिवार तन्त्र को पछाड़कर प्रजातंत्र के रास्ते भारत की समृद्धि, सुरक्षा, सम्मान में सफलता के साथ चार चांद कैसे लगा रहा है।
श्री नकवी ने कहा कि जनतंत्र से पराजित परिवार अब "गाली तंत्र के पराक्रम" में लगा है, कांग्रेस का "डर्टी डींग डिपार्टमेंट", "डिफीट के डिप्रेशन कम्पार्टमेंट" से बाहर नहीं निकल पा रहा है।