वरिष्ठ भाजपा नेता, केंद्रीय मंत्री एवं उपनेता, राज्यसभा, श्री मुख्तार अब्बास नकवी ने आज यहाँ कहा कि "कम्युनल गीत" पर "सेक्युलर संगीत का ट्रेलर", "चुनावी बूथ" पर पिट चुका है। आज रामपुर के ज्वाला नगर, सिविल लाइन्स एवं अन्य क्षेत्रों में भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में विभिन्न चुनावी कार्यक्रमों को सम्बोधित करते हुए श्री नकवी ने कहा कि "कम्युनल टिफिन" में "सेक्युलर टमाटर" का "सियासी टशन" टांय-टांय फिस्स हो चुका है।
श्री नकवी ने कहा कि भाजपा के लिए सेक्युलरिज़्म संवैधानिक प्रतिबद्धता है जबकि "छद्म सेक्युलर सियासी सिंडिकेट" के लिए "सियासी सुविधा का साधन" है। श्री नकवी ने कहा कि आजादी के 75 वर्षों में अल्पसंख्यक वोटों के "सियासी सौदागरों" ने अल्पसंख्यकों के शोषण की “75 शतरंजी चालें’’ चली हैं। कभी भय की चाल, कभी भ्रम की ढ़ाल, कभी धर्म का जाल तो कभी अफवाहों-आशंकाओं के बवाल से वोटों का अपहरण करते रहे।
श्री नकवी ने कहा कि भाजपा के लिए "सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास-सबका प्रयास", समावेशी संकल्प और संवैधानिक प्रतिबद्धता है। मोदी-योगी सरकार समाज के सभी वर्गों के "सम्मान के साथ सशक्तिकरण" के रास्ते पर मजबूती और पूरी ईमानदारी से चल रही है। श्री नकवी ने कहा कि समाज को ऐसे "सियासी सौदागरों" से होशियार रहना होगा जो "सेक्युलरिज़्म का चोला, वोटों के अपहरण के खेला" के "पेशेवर खिलाडी" हैं। भाजपा के लिए "सबका साथ, सबका विकास" वोटों की राजनीति नहीं, "विकास की राष्ट्रनीति" है। श्री नकवी ने कहा कि "छद्म धर्मनिरपेक्षता और तुष्टीकरण के राजनैतिक छल" को भाजपा द्वारा "समावेशी विकास के बल" से ध्वस्त होने से "3बी ब्रदरहुड" (बलवाई- बाहुबली-बकैत) बौखलाया हुआ है।
श्री नकवी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने तुष्टीकरण, परिवारवाद, धर्म, जाति, क्षेत्रवाद के “राजनीतिक स्पीडब्रेकर” को ध्वस्त कर "समावेशी सशक्तिकरण" का हाईवे तैयार किया है। मोदी-योगी का "सर्वस्पर्शी विकास" का संकल्प ही समाज के हर तबके की "आँखों में खुशी और जिंदगी में खुशहाली" की गारंटी है।