वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री मुख्तार अब्बास नकवी ने आज यहाँ कहा कि सीबीआई, ईडी आज पिंजड़े में बंद तोता-मैना नहीं बल्कि कानून का गहना हैं।
आज मुरादाबाद और रामपुर में पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में श्री नकवी ने कहा कि जो लोग एजेन्सियों, कोर्ट, सरकार और सिस्टम पर सवाल उठा रहे हैं, वो खुद सवालों से घिरे हुए हैं।
श्री नकवी ने कहा कि करप्शन के क्रान्तिकारियों, बेईमानी के बाहुबलियों का बुरा वक्त चल रहा है। इसलिए बौखलाहट में बेबुनियाद बयानबहादुर बन बैठे हैं। श्री नकवी ने कहा कि मदरसों और वक्फ के सर्वे पर सवाल करने वाले सियासती साजिश के सूत्रधार हैं। भय और भ्रम का माहौल बना कर लोगों का भावनात्मक शोषण इनकी फितरत है।
श्री नकवी ने कहा कि किसी को न डरने की जरूरत है न डराने की। सभी के संवैधानिक अधिकार पूरी तरह से सुरक्षित हैं, उन पर कोई हमला नहीं हो सकता। पी.एफ.आई जैसे कुछ संगठन देश के सौहार्द के ताने-बाने को ध्वस्त करने की साम्प्रदायिक साजिश कर रहें है। हम सब को मिल कर ऐसे किसी भी षडयंत्र को नाकाम करना है।
श्री नकवी ने कहा कि धर्म को “सुरक्षा कवच” बनाकर आतंकवाद का कर्म करने वाले मुल्क, मजहब, मानवता के दुश्मन हैं।